रायपुर, 20 अगस्त 2025।
राजधानी रायपुर में नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने रात 11 बजे से तड़के 2 बजे तक शहर के विभिन्न पॉइंट्स पर बैरिकेटिंग और चेकिंग अभियान चलाया।

पिछले दो दिनों में 23 वाहन चालकों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़ा गया। सभी मामलों को न्यायालय में भेजा गया है। वर्ष 2025 में अब तक कुल 1034 चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। इसमें दोपहिया 474, चारपहिया 364, हैवी व्हीकल 161 और ऑटो रिक्शा 35 शामिल हैं। न्यायालय ने इन मामलों में कुल 1 करोड़ 22 लाख 45 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

नियम तोड़ने वालों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और चालकों का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना दुर्घटनाओं और अपराधों को बढ़ावा देता है, इसलिए यह अभियान जारी रखा जा रहा है।

अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीष ठाकुर और गुरजीत सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में अधिकारियों की मौजूदगी में ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाती है।

पकड़े गए वाहन चालकों में मनोज कुमार, फतेह सिंह, मोह. आर्यन, आयुष अग्रवाल, भूषण साहू, पवन कुकरेजा, लाल कुमार, नीलकमल साहू, दिलीप गाईन, डंपी, जितेंद्र कुमार, चेतन तोड़ी, दीपक कुमार, उदय धकाटे, मणिकांत, बाबूलाल, आशुतोष, आदर्श, आकाश खरे, विशाल अग्रवाल, अमितेश राज, निखिल केडिया और एजाज खान शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती जा सके।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading