सीजी न्यूज़, रायपुर, 20 अगस्त 2025।
रोजगार की तलाश में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर द्वारा सिक्योरिटी के क्षेत्र में नौकरी दिलाने के लिए 21 अगस्त को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शासकीय संस्कृत कॉलेज, जी.ई. रोड, रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

विशेष रोजगार कार्यालय की उप संचालक डॉ. (श्रीमती) शशी अतुलकर ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैंप में अलर्ट एस.जी.एस. प्राइवेट लिमिटेड और बी.आई.एस. जैसी निजी कंपनियां शामिल होंगी। ये कंपनियां सिक्योरिटी गार्ड के पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती करेंगी। चयनित उम्मीदवारों को 12,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा और कार्यक्षेत्र रायपुर होगा।

इस भर्ती प्रक्रिया में 18 से 40 वर्ष आयु के वे युवक-युवतियां शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो। आवेदकों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।

यह प्लेसमेंट कैंप उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है जो रोजगार की तलाश में हैं। आयोजन से उम्मीद है कि बड़ी संख्या में युवा इससे लाभान्वित होंगे। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार कार्यालयीन समय में दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading