रायपुर, 24 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जापान दौरा छत्तीसगढ़ के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोल रहा है। राज्य को एक वैश्विक निवेश गंतव्य और दूरदर्शी औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में वे निरंतर प्रयासरत हैं।

जापान प्रवास के दूसरे दिन उन्होंने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में व्यापार, तकनीकी सहयोग, आधारभूत संरचना विकास और क्षेत्रीय विविधीकरण जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निवेशक-अनुकूल नीतियों, हाल के सुधारों और स्टार्टअप्स को दिए जा रहे सहयोग को विस्तार से प्रस्तुत किया।

अंतरिक्ष प्रदर्शनी का अवलोकन, राजनांदगांव में स्पेस क्लस्टर की तैयारी

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने टोक्यो में आयोजित “Deep Space – To the Moon and Beyond” नामक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां उन्होंने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के नवीनतम पहलुओं को नजदीक से देखा।
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राजनांदगांव में भारत सरकार के सहयोग से स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ को वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था से सीधे जोड़ने में सहायक होगी।

भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद

मुख्यमंत्री ने जापान में बसे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश संभावनाओं और हालिया नीतिगत पहलों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
भारतीय समुदाय ने आश्वासन दिया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और जापानी निवेशकों को राज्य की ओर आकर्षित करेंगे।

इस पूरे दौरे को प्रदेश में नए उद्योग, रोजगार और प्रौद्योगिकी सहयोग के लिहाज से एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading