कांकेर, 25 अगस्त 2025।
नगर घड़ी चौक के पास आज कांकेरवासियों को एक नई सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने यहां नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन) का भूमिपूजन किया। करीब ₹4.71 करोड़ की लागत से बनने वाली यह 250 सीटर लाइब्रेरी शहर के विद्यार्थियों और ज्ञान-पिपासुओं के लिए बड़ी सुविधा लेकर आएगी।

भूमिपूजन समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद भोजराज नाग और विधायक आशाराम नेताम भी इस मौके पर मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के हर नगरीय निकाय में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है। स्वच्छता में प्रदेश को सात राष्ट्रीय अवॉर्ड मिलना जनता की जागरूकता और प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बीते एक साल में 7000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि नगरीय निकायों को दी गई है। सिर्फ कांकेर नगर पालिका को ही 21 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए आबंटित किए गए हैं।

साव ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की जांच कर युवाओं को न्याय दिलाया गया। शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत 300 से अधिक शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षक नियुक्त किए गए और 5000 एकल-शिक्षकीय विद्यालयों में अध्यापकों की व्यवस्था की गई।

उन्होंने नालंदा परिसर का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह परिसर शहर की शैक्षणिक पहचान बनेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय से पहले गुणवत्तायुक्त कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरा कर रहे हैं और प्रदेश सरकार प्रतिभाओं को नालंदा और तक्षशिला जैसी परंपराओं के अनुरूप अवसर प्रदान करने का प्रयास कर रही है। विधायक आशाराम नेताम ने मावा मोदोल कोचिंग सेंटर की उपलब्धियों और युवाओं के होमगार्ड में चयन पर प्रसन्नता जताई।

इस अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, उपाध्यक्ष ताराबती ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले एवं शिशुपाल शोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading