रायपुर, 30 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है—“अच्छे शासन का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा जब हमारी ग्रामीण महिलाएँ सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त हों।” इसी दूरदर्शी सोच के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता की ओर प्रेरित करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत एक विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का शुभारंभ 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12:15 बजे होगा। यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर सहित राज्य के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही यह कार्यक्रम ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म (www.onlineradiofm.in/stations/all-india-air-raipur) पर भी सुना जा सकेगा।

‘दीदी के गोठ’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन की दृष्टि का जीवंत प्रतिबिंब है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आवाज़ को समाज तक पहुँचाना, उनकी संघर्ष और उपलब्धियों को सामने लाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा विशेष संदेश देकर ग्रामीण महिलाओं को प्रेरित करेंगे।

इस कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों (SHGs) की सफल महिलाओं की कहानियाँ भी शामिल होंगी—कैसे उन्होंने संघर्षों और कठिनाइयों को पार कर आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आर्थिक मजबूती हासिल की और समाज में नई पहचान बनाई। आज छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और उनके जीवन में बिहान योजना के माध्यम से नया उजाला आया है।

इसके अतिरिक्त, पंचायत, ग्राम संगठन और क्लस्टर संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण समुदाय और स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ मिलकर भाग लेंगे। इससे गाँवों में संवाद, चर्चा और प्रेरणा का वातावरण बनेगा।

‘दीदी के गोठ’ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में न केवल एक पहल है बल्कि ग्रामीण छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शक भी है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading