दुर्ग, 03 सितम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इस कड़ी में दुर्ग जिले में भी विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ की गई है। इसी क्रम में आज कलेक्टोरेट स्थित लोक सेवा केंद्र (सीएससी) में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने फीता काटकर किया।

यह प्रदर्शनी स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ियों के संघर्ष और उनके बलिदान की गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित करती है। इसमें प्रदेश के उन वीर सपूतों की गाथा को संजोया गया है, जिन्होंने आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। प्रदर्शनी को आम जनता और स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से रखा गया है ताकि वे न केवल प्रदेश के इतिहास से परिचित हो सकें, बल्कि उससे प्रेरणा भी ले सकें।

प्रदर्शनी का संकलन, संयोजन और प्रस्तुति छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, संस्कृति विभाग द्वारा किया गया है। इसमें दुर्लभ तस्वीरें, ऐतिहासिक दस्तावेज़ और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े संस्मरण प्रदर्शित किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह और जनपद दुर्ग सीईओ श्री रूपेश पांडे भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरक बताया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत 15 अगस्त 2025 से मार्च 2026 तक कुल 25 सप्ताह तक विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल प्रदेश की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का प्रयास भी है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading