दुर्ग, 04 सितम्बर 2025।
जिला चिकित्सालय दुर्ग के टेलीमेडिसिन कक्ष में आज जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के आय-व्यय का बारीकी से विश्लेषण किया गया और कलेक्टर ने एजेंडावार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सायकल/स्कूटर स्टैंड और जन औषधि केंद्र पर कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित सायकल/स्कूटर स्टैंड का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिया कि नियमानुसार संबंधित को नोटिस जारी कर नया टेंडर आमंत्रित किया जाए।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के संचालक द्वारा समय पर किराया जमा न करने पर भी कलेक्टर ने नोटिस जारी करने और तय समयसीमा में राशि जमा न करने पर पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

दवाइयों और उपकरणों की कमी पर निर्णय
अधिकारियों ने जानकारी दी कि चिकित्सालय में दवाइयां, उपकरण, एक्स-रे फिल्म और पैथोलॉजी सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। साथ ही सामान्य बजट मद में भी पर्याप्त राशि नहीं है। इस स्थिति में समिति ने निर्णय लिया कि आवश्यकतानुसार सामान्य सभा की प्रत्याशा में खर्च किया जाएगा ताकि मरीजों की सुविधा प्रभावित न हो।

नई नियुक्तियों और सुविधाओं के निर्देश
चिकित्सालय में कार्यभार की अधिकता को देखते हुए कलेक्टर ने एक धोबी की नियुक्ति करने और इलेक्ट्रिशियन का पद सृजित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वर्गीय श्री पांडुरंग डोनगांवकर रामाराव की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थल निरीक्षण कर उपयुक्त स्थान तय करने का निर्णय भी लिया गया।

मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय निर्माण में अतिक्रमण की बाधा
बैठक में प्रस्तावित 30 बिस्तरों वाले मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर अतिक्रमण होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में रही व्यापक चर्चा
एजेंडे के अलावा अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन श्री आशीन मिंज, आरएमओ श्री अखिलेश यादव, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, नगर निगम दुर्ग के अधिकारीगण सहित जीवनदीप कार्यकारिणी समिति के सदस्य श्री प्रमोद वाघ, श्री विजय ताम्रकार और श्री ऋषि यादव मौजूद रहे।

यह बैठक स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता को मजबूत करने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading