दुर्ग, 05 सितम्बर 2025।
भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए हालिया जीएसटी सुधार (GST Reforms) को अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की जन सेवा और जनकल्याण की नीति को स्पष्ट करता है।

कौशिक ने कहा कि इस बदलाव से आम जन-जीवन पर बड़ा असर पड़ेगा। घर बनाने और चलाने की लागत घटेगी, जिससे लोगों को आर्थिक रूप से सीधी राहत मिलेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि—
“सीमेंट पर पहले 20% कर लगता था, जिसे 10% कम कर दिया गया है। इससे घर बनाने की कुल लागत में करीब 2% की कमी आएगी। वहीं, घर सजावट के सामान पर भी 10% की छूट दी गई है। हर आम आदमी का सपना घर बनाने का होता है, और यह निर्णय उस सपने को पूरा करने में सहायक बनेगा।”

भाजपा जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पहले जीएसटी की चार-दरों वाली प्रणाली से विवाद की स्थिति बनती थी, लेकिन अब केवल दो दरें—5% (आवश्यक वस्तुएं) और 18% (अन्य वस्तुएं व सेवाएं) लागू होंगी। इससे कानूनी विवादों और अनिश्चितता पर विराम लगेगा।

उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने जीएसटी विवाद निपटान के लिए ट्रिब्यूनल की स्थापना का भी निर्णय लिया है, जो हर प्रदेश में खोला जाएगा। इससे व्यापारियों को जल्दी न्याय मिलेगा और यात्रा व समय की बचत होगी। साथ ही, अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सिर्फ तीन दिन में पूरी हो जाएगी, जिससे कारोबारियों को बड़ा लाभ होगा।

कौशिक ने कहा कि जहां कर प्रणाली आसान होती है और निर्यात को बढ़ावा मिलता है, वहां व्यापारिक माहौल में उत्साह आता है। मोदी सरकार के निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे व्यापारियों को नई गति मिलेगी और रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा—
“कांग्रेस सरकार हमेशा करों का बोझ बढ़ाने का काम करती रही, मगर मोदी सरकार ने आयकर और जीएसटी दोनों में छूट देकर हर वर्ग को राहत दी है। यह कदम खासतौर पर छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित होगा।”

कौशिक का मानना है कि आयकर छूट और जीएसटी सुधार के ये फैसले भारत की अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त करेंगे और आम नागरिकों को सीधे तौर पर आर्थिक राहत पहुँचाएँगे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading