रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता का स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में वित्तीय संसाधन कभी बाधा नहीं बनेंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित दो दिवसीय एरोकॉन 2025 छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश चैप्टर संगोष्ठी का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मेडिकल कॉलेज रायपुर के छात्रों के लिए 65 करोड़ रुपये की लागत से नए छात्रावास निर्माण की घोषणा भी की।

कैंसर शोध और उपचार पर जोर

सीएम साय ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हजारों मरीज आज विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीकों की वजह से नया जीवन पा रहे हैं। बीते दो दशकों में कैंसर की प्रारंभिक पहचान और उपचार में हुए शोध ने नई उम्मीदें जगाई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक जिले में कैंसर डे-केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

AI और रोबोटिक सर्जरी का इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) कैंसर की पहचान में बेहद उपयोगी सिद्ध हो रही है। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में AI को तेजी से शामिल कर रही है। उन्होंने बताया कि एम्स रायपुर में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का शुभारंभ किया गया है, जो सरकारी अस्पतालों की तकनीकी प्रगति का प्रमाण है।

दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार सरगुजा, धरमजयगढ़ और बस्तर में नए अस्पताल स्थापित करने जा रही है। साथ ही नवा रायपुर में 5,000 बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी का निर्माण हो रहा है।

एरोकॉन 2025 से नई दिशा

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एरोकॉन 2025 संगोष्ठी कैंसर की रोकथाम और उपचार के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।

विधानसभा अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री के विचार

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस संगोष्ठी से कैंसर उपचार में नए आयाम खुलेंगे। उन्होंने मेकाहारा अस्पताल को पूरे मध्यभारत के मरीजों के लिए प्रमुख उपचार केंद्र बताया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रायपुर मेडिकल कॉलेज प्रदेश का सबसे बड़ा कैंसर सेंटर है। आने वाले समय में प्रदेश में छह फिजियोथेरेपी कॉलेज, बस्तर और सरगुजा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मानसिक रोगियों के लिए पृथक चिकित्सालय और नेचुरोपैथी कॉलेज खोले जाएंगे। मेकाहारा में 232 करोड़ रुपये की लागत से 700 बिस्तरों की वृद्धि होगी और आईवीएफ सेंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मौजूद रहे गणमान्य

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, मेडिकल कॉलेज रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.के. पात्रा, विशेषज्ञ चिकित्सक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading