दुर्ग, 07 सितंबर 2025।
रिसाली दशहरा मैदान, भिलाई में आज छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज का विशाल अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए।

मंत्री श्री यादव के पहुंचने पर समाज की पारंपरिक टोली ने नाचते-गाते हुए उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें पारंपरिक वेशभूषा पहनाई गई और हाथ में सजी हुई लाठी भेंट की गई, जो यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। समाज के विभिन्न जिलों से आए गणमान्य प्रतिनिधियों ने मंत्री श्री यादव को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

अपने संक्षिप्त उद्बोधन में श्री यादव ने कहा—
“समाज की बड़ी आबादी आज भी आर्थिक रूप से पिछड़ी है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनना आवश्यक है। बच्चों को शिक्षित और जागरूक करना ही परिवार और समाज की समृद्धि की कुंजी है।”

उन्होंने समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।

  • चार सामुदायिक भवनों के निर्माण हेतु प्रत्येक को 20-20 लाख रुपये देने की घोषणा।
  • 5 लाख रुपये की स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की घोषणा।

इसके बाद मंत्री श्री यादव दुर्ग स्थित पचरीपारा में कोसरिया यादव समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने यादव महिला छात्रावास के निर्माण हेतु 30 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिससे छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी। साथ ही पाटन सरपंच की मांग पर शासकीय प्राथमिक शाला परेवाडीह के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की।

समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, झेरिया यादव समाज प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनीक यादव, संरक्षक श्री जगतराम यादव और श्री सुकालु राम यदु, उपाध्यक्ष श्री भगत सिंह यादव, प्रदेश सचिव श्री सुंदर लाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि और नागरिकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading