दुर्ग, 07 सितंबर 2025।
स्वामी आत्मानंद सभा हाल परिसर, पाटन (जिला दुर्ग) में आयोजित 25वीं शालेय राज्य भारोत्तोलन और फेंसिंग प्रतियोगिता का समापन आज उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने की।

प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच जोन से आए 435 बच्चों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के दौरान बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।

मुख्य अतिथि श्री यादव ने अपने उद्बोधन में कहा—
“खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास का भी सबसे उत्तम साधन है। आज के दौर में खेल प्रतियोगिताओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना और जीतने का जज्बा पैदा करती हैं। मंत्री श्री यादव ने मेहनत पर जोर देते हुए बच्चों को चींटी से प्रेरणा लेने की सीख दी, जो अपने से कई गुना अधिक भार उठाने की क्षमता रखती है।

उन्होंने नारायणपुर जिले के पारंपरिक मलखम खेल का उदाहरण देते हुए बताया कि दुर्ग जिले के कोच नारायणपुर जाएंगे और वहाँ से सीखकर लौटेंगे, ताकि यहाँ के बच्चे भी इस खेल में अपना नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम का संचालन श्री मोहित शर्मा ने किया और स्वागत भाषण व आयोजन प्रतिवेदन का पठन संयुक्त संचालक श्री हेमंत उपाध्याय ने किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री कीर्ति नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले, जिला पंचायत सभापति श्री नीलम चंद्राकर, कल्पना साहू, निशा सोनी, रागिनी बंछोर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading