दुर्ग। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। आयकर में ऐतिहासिक छूट के बाद अब जीएसटी में किए गए बड़े सुधार आम जनता और व्यापार जगत दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि जीएसटी लागू होने से पहले भारत में 17 प्रकार के टैक्स और 13 प्रकार के सेस लागू थे, जिससे व्यापारी परेशान रहते थे। अब चार स्लैब के बजाय केवल दो स्लैब रह गए हैं। रोज़मर्रा की वस्तुओं, कृषि उपकरणों, स्वास्थ्य और शिक्षा सामग्री, बीमा और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों पर कर घटाया गया है। इससे लोगों की बचत बढ़ेगी और छोटे व्यापारी व उद्योगपति अधिक आसानी से कारोबार कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जीएसटी करदाताओं की संख्या 2017 में 66.5 लाख थी, जो 2025 में 1.51 करोड़ तक पहुँच गई है। वित्त वर्ष 2024-25 में सकल जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो चार वर्षों में दोगुना हो गया है। इसका लाभ वस्त्र उद्योग, हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को मिलेगा।

श्री शर्मा ने कहा कि किसान भी इन सुधारों से लाभान्वित होंगे। ट्रैक्टर और उसके कलपुर्ज़ों की कीमतें कम होंगी, जिससे कृषि लागत घटेगी। वहीं, तेंदू पत्ता संग्राहकों और जनजातीय क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी सुधारों को अमेरिकन टैरिफ से जोड़ना “बचकाना और झूठ” है। यह सुधार देश को विकसित बनाने के लिए हैं और इससे जनता की जेब में पैसा जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने कभी टैक्स प्रणाली सुधारने का प्रयास नहीं किया था। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने “एक देश, एक कर” की व्यवस्था लागू की और अब उसमें समयानुसार सुधार भी कर रहे हैं।

इस मौके पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading