बीजापुर, 12 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार की सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के घने जंगलों में हुई, जो तेलंगाना सीमा से सटा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी तभी अचानक नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ खत्म होने के बाद मौके से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। साथ ही एक .303 राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य हथियार भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और संभावना है कि और भी महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही गरियाबंद जिले में एक बड़ी कार्रवाई के दौरान 10 नक्सलियों को ढेर किया गया था। इनमें प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य मोडेम बालकृष्ण भी शामिल था, जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक 243 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 214 नक्सली बस्तर संभाग के सात जिलों में मारे गए हैं, जबकि 27 नक्सली गरियाबंद जिले (रायपुर संभाग) में ढेर किए गए। वहीं दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में भी 2 नक्सली मारे गए हैं।

लगातार हो रही इन सफलताओं से सुरक्षा बलों का मनोबल और जनता का भरोसा दोनों ही मजबूत हुआ है। पुलिस का कहना है कि राज्य से नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन तक अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading