दुर्ग, 13 सितम्बर 2025। रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भिलाई का विद्यारंभ समारोह आज एक ऐतिहासिक अवसर बन गया जब प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका स्वयं इसमें शामिल हुए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के ड्रोन क्लब का उद्घाटन किया और नवप्रवेशी विद्यार्थियों को भविष्य गढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि यह संस्थान केवल डिग्री नहीं देगा, बल्कि वैश्विक तकनीकी कंपनियों से जुड़े प्रमाणपत्र भी प्रदान करेगा, जिससे छात्र दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार की तलाश से आगे बढ़कर रोज़गार सृजन की ओर सोचने और समाज की समस्याओं के समाधान ढूंढने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा, “ड्रोन केवल उड़ने वाले उपकरण नहीं हैं, बल्कि कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण निगरानी में क्रांति लाने वाले साधन हैं।” उन्होंने छात्रों को जिज्ञासु बने रहने, असफलता से न डरने और उत्कृष्टता की निरंतर साधना करने का संदेश दिया।

समारोह में सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री रिकेश सेन और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश पांडे भी उपस्थित रहे। सांसद बघेल ने कहा कि भिलाई शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम गढ़ रहा है। विधायक सेन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि पांडेय ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और परिश्रम को सर्वोच्च महत्व देने की प्रेरणा दी।

कुलपति श्री संतोष रूंगटा ने स्वागत भाषण में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और नई योजनाओं पर प्रकाश डाला। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, प्राध्यापकगण और गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण और प्रतिभाशाली छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर समारोह को और भी यादगार बना दिया गया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading