बलरामपुर, 14 सितम्बर 2025।
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बलरामपुर के संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुँचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और सतत मॉनिटरिंग अनिवार्य है।

बैठक में मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने को कहा। साथ ही उन्होंने बाल विवाह रोकथाम की दिशा में गंभीर पहल करते हुए किशोरियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक बनाने पर बल दिया।

आंगनबाड़ी संचालन को लेकर मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र नियमित समय पर खुलें, बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने केंद्रों की साफ-सफाई, अध्यापन व्यवस्था, पोषण वाटिका और रेडी-टू-ईट वितरण की भी समीक्षा की।

कुपोषण उन्मूलन पर विशेष फोकस करते हुए उन्होंने एनआरसी सेंटरों के सुचारू संचालन और कुपोषित बच्चों को नियमित आहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सक्षम योजना की समीक्षा की और महिलाओं को स्वरोजगार व उद्यमिता से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने घरेलू हिंसा की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने को भी कहा।

बैठक में महतारी वंदन योजना, चाइल्डलाइन, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति और सखी वन स्टॉप सेंटर सहित कई कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर पेंशन दिलाने और विभाग में रिक्त पद शीघ्र भरने का भी निर्देश दिया।

इस अवसर पर विभागीय संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर रमनलाल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती विस्मिता पाटले, प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग सुश्री स्टेला खलखो सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading