तिरुवनंतपुरम के चार बार के कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। थरूर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा – “प्रधानमंत्री @narendramodi को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष आपके लिए अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता लेकर आए।”

पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर पूरे देश से बधाई संदेश पहुंचे, लेकिन थरूर का संदेश कांग्रेस के भीतर खास चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, इससे पहले भी उन्होंने पीएम मोदी की राजनीतिक लोकप्रियता को “देश की सबसे प्रभावी राजनीतिक शख्सियत” बताकर अपने ही साथियों की नाराज़गी झेली थी।

कांग्रेस के कई नेता इसे समय और राजनीतिक संदेश के लिहाज़ से असहज मानते हैं, जबकि थरूर का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर शालीनता और शिष्टाचार बनाए रखना चाहिए।

पार्टी के भीतर यह असमंजस ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में थरूर ने केंद्र सरकार की ओर से नामित होकर “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत अमेरिकी दौरे का नेतृत्व किया था, जबकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर उनका नाम नहीं भेजा था।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी ने देशभर में सेवा कार्य, स्वास्थ्य शिविर और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी वैचारिक मतभेदों के बावजूद मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

यह घटनाक्रम दिखाता है कि राजनीति में रिश्तों की गरमी-नरमी सिर्फ नीतियों तक सीमित नहीं होती, बल्कि व्यक्तिगत व्यवहार और सार्वजनिक संदेश भी गहरे असर डालते हैं।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading