रायपुर, 19 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर चल रहे सेवा पखवाड़े ने जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई रोशनी भर दी है। बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में अनेक हितग्राहियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिला। किसी को पक्का घर मिला, तो किसी को स्वास्थ्य सुरक्षा का सहारा, और किसी को आजीविका में आत्मनिर्भर बनने का सम्मान।

कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आशियाने की चाबी, भवन अनुज्ञा, आवास की पहली किश्त और वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही आत्मनिर्भर महिलाओं की पहचान बन चुकी लखपति दीदियों को भी सम्मानित किया गया।

आवास योजना से साकार हुआ सपना
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से लाभान्वित कुदुदन की ममता दुबे ने बताया कि उन्हें किराए के घर से मुक्ति मिल गई है। इसी तरह हेमूनगर की गोटीवाड़ा विजया और बिजौर निवासी ओम साहू को घर की चाबी सौंपी गई। विजया ने भावुक होकर कहा—“पति की आमदनी इतनी नहीं थी कि अपना घर बना सकें, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना से कच्चे घर से निजात मिली।”

अशोक नगर की संतोषी श्रीवास और लिंगियाडीह की पूनम टंडन को भी पहले किश्त का चेक मिला। सरकंडा की रानी यादव ने कहा कि बेजा कब्जे के कारण उनका घर टूटने की कगार पर था, लेकिन अब पक्का घर मिलने से एक बड़ी चिंता खत्म हो गई। तालापारा निवासी अब्दुल नईम, जो मैकेनिक का काम करते हैं, ने खुशी जताई कि अब उनके परिवार को “सुरक्षित छत” मिल सकेगी।

स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल
कार्यक्रम में बिलासपुर के हरनारायण पटेल, शांति देवी और विद्या परिहार को वय वंदन कार्ड प्रदान किया गया। इस कार्ड के तहत उन्हें 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सहायता मिलेगी। लाभार्थियों ने कहा कि यह सुविधा उनके परिवारों को बीमारी के समय बड़ी राहत देगी।

लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन में नई उम्मीद और संबल आया है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading