रायपुर, 19 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ का बिलासपुर नगर निगम अब डिजिटल इंडिया की ओर बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। प्रदेश का पहला ऐसा निगम बनने जा रहा है जहां नागरिक घर बैठे वॉट्सऐप आधारित स्मार्ट चैटबॉट से नगर निगम की कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

अब प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी और भुगतान, बिल्डिंग परमिशन, शिकायत पंजीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं लोगों को अपने ही मोबाइल पर कुछ मिनटों में उपलब्ध होंगी। यानी अब न तो लंबी लाइन में लगने की जरूरत होगी और न ही चक्कर लगाने की—सिर्फ एक मैसेज से काम हो जाएगा।

कैसे करेगा काम चैटबॉट
निगम ने इसके लिए विशेष वॉट्सऐप नंबर 91 88157 82574 जारी किया है। नागरिक इस नंबर को सेव कर केवल “नमस्ते” या “हाय” लिखकर भेजेंगे, जिसके बाद ऑटोमेटेड रिप्लाई में सभी सेवाओं की सूची प्राप्त होगी। इसके बाद जरूरत के हिसाब से विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। यह चैटबॉट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित होगा और मेटा जैसी तकनीक की तर्ज पर काम करेगा। निगम इसे अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रचारित करेगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ सकें।

स्वच्छ वार्ड चैलेंज और पुरस्कार योजना
इसी के साथ बिलासपुर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छ वार्ड चैलेंज प्रतियोगिता शुरू करने का ऐलान किया है। इसकी घोषणा केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। इस चैलेंज के तहत हर माह वार्डों की स्वच्छता का सर्वे होगा और जो वार्ड स्वच्छता के पैमाने पर सबसे आगे रहेगा, उसे विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार मिलेगा।

इसके अलावा, इस बार निगम स्वच्छ दुर्गोत्सव पंडाल प्रतियोगिता भी आयोजित करेगा। स्वच्छ गणेश पंडाल की तर्ज पर होने वाली इस प्रतियोगिता में सबसे स्वच्छ दुर्गा पंडाल को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

बिलासपुर नगर निगम की यह पहल न सिर्फ शहर को डिजिटल और स्मार्ट बनाएगी बल्कि नागरिकों को स्वच्छता और सुविधा दोनों का तोहफा देगी।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading