रायपुर। मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले में शुक्रवार शाम असम राइफल्स की टीम पर हुए घात लगाकर हमले में दो जवान शहीद हो गए और पाँच अन्य घायल हो गए। शहीदों में छत्तीसगढ़ के बस्तर ज़िले के सपूत रायफलमैन रणजीत सिंह कश्यप भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को इस हमले की कड़ी निंदा की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा—
“मणिपुर में असम राइफल्स पर हुआ हमला निंदनीय है। इस हमले में शहीद हुए दो जवानों में से एक, बस्तर के वीर सपूत रायफलमैन रणजीत कश्यप भी शामिल हैं। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। शहीदों का यह बलिदान हमारी राष्ट्र रक्षा की दृढ़ संकल्पना को और मज़बूत करता है।”

हमले की पूरी घटना
सूत्रों के अनुसार असम राइफल्स का दस्ता शुक्रवार शाम इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नमबोल सबल लैकाई इलाके में सशस्त्र उग्रवादियों ने जवानों के वाहन को निशाना बनाया। अचानक हुए इस हमले में नायब सूबेदार श्याम गुरूंग और रायफलमैन रणजीत सिंह कश्यप शहीद हो गए, जबकि पाँच जवान घायल हुए।

छत्तीसगढ़ में शोक की लहर
बस्तर के रणजीत सिंह कश्यप की शहादत की खबर जैसे ही उनके गाँव पहुँची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीणों ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि रणजीत की वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

इस घटना ने एक बार फिर देश की सुरक्षा व्यवस्था और मणिपुर में जारी अशांति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार ने शहीदों के परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading