रायपुर, 24 सितंबर 2025/
नवा रायपुर स्थित ट्रिपल-आईटी में आज से डिजिटल उत्पादकता संवर्धन एवं एआई एकीकरण विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह प्रशिक्षण राज्य सरकार द्वारा मंत्रालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को आई.टी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नवीनतम तकनीकों से सशक्त बनाने और प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, विशिष्ट अतिथि सुशासन एवं अभिसरण विभाग तथा मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत और अध्यक्षता ट्रिपल-आईटी के डायरेक्टर प्रो. डॉ. ओपी व्यास ने की।

पहले दिन प्रतिभागियों को MS Word, Google Docs, Excel और Google Sheets के उन्नत फीचर्स के साथ-साथ एआई टूल्स के उपयोग और डेटा मॉडलिंग की ट्रेनिंग दी गई।

मुख्य अतिथि श्री अविनाश चंपावत ने अपने उद्बोधन में कहा—
“कौशल उन्नयन सतत प्रक्रिया है, इससे न केवल व्यक्तित्व बल्कि कार्यसंस्कृति भी निखरती है। एआई आधारित प्रशिक्षण निश्चित ही कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि में मील का पत्थर साबित होगा।”

विशिष्ट अतिथि श्री राहुल भगत ने नागरिक केंद्रित शासन में तकनीक की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा—
“ई-ऑफिस जैसी व्यवस्थाओं ने साबित किया है कि तकनीक का सही उपयोग शासन को अधिक पारदर्शी और जिम्मेदार बना सकता है। एआई टूल्स सरकारी कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”

ट्रिपल-आईटी के डायरेक्टर प्रो. डॉ. ओपी व्यास ने कहा—
“एआई का स्मार्ट उपयोग तभी संभव है जब हम सतर्क और जागरूक रहें। डेटा सुरक्षा पर ध्यान देते हुए हमें एआई का इस्तेमाल करना होगा ताकि संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग न हो।”

कार्यक्रम में प्रो. के. जी. श्रीनिवास ने भरोसा दिलाया कि यह प्रशिक्षण उच्च गुणवत्ता वाला और परिणामोन्मुखी होगा।

इस प्रशिक्षण के प्रथम चरण में सामान्य प्रशासन, गृह और अन्य विभागों के 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए हैं। यह कार्यक्रम 24 सितंबर से 25 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के पहले दिन अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल उनकी कार्यशैली को आधुनिक बनाएंगे बल्कि आम नागरिकों तक सेवाओं को और अधिक तेज़ और प्रभावी ढंग से पहुँचाने में मदद करेंगे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading