दुर्ग, 29 सितंबर 2025।
सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की श्रृंखला में शनिवार को दुर्ग शहर के ठगड़ा बांध में भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी एवं वोकल फार लोकल सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने किया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग महापौर अलका बाघमार तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मोदी जी के जीवन की झलक दिखाती चित्र प्रदर्शनी, जिसे देखकर आगंतुक उनके संघर्षपूर्ण जीवन और देश सेवा की प्रेरणा से भावविभोर हो उठे। प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद वोकल फार लोकल को बढ़ावा देने वाले समाजसेवियों और उद्यमियों का सम्मान किया गया।

जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा –
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन मां भारती की सेवा में समर्पित किया है। स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का सपना केवल उनके नहीं, बल्कि हम सभी भारतीयों का है। हमें वोकल फार लोकल को अपनाकर इस संकल्प को साकार करना है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है, जिसका श्रेय मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है।”

विधायक ललित चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोदी जी का जीवन संघर्ष और समर्पण से भरा रहा है। बचपन से ही उनमें देश सेवा का भाव जागा और आज उसी भावना से भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल की तरह आत्मनिर्भर भारत का सपना भी हर भारतीय के सहयोग से साकार होगा।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में खड़ा है। पहले जो भारत आयातक देश था, वह आज कई क्षेत्रों में निर्यातक के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक वोकल फार लोकल को अपनाए और आत्मनिर्भर भारत के अभियान से जुड़े, तो 2047 तक विकसित भारत का सपना अवश्य पूरा होगा।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अशोक राठी, राजीव पांडेय, नवीन पवार, दिव्या कलिहारी, साजन जोसेफ, नितेश साहू, निलेश अग्रवाल, सरिता चंद्राकर, कमल सोनी, विनोद चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता दर्ज कराई।

इस मौके पर मंच से सभी वक्ताओं ने मोदी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading