रायपुर, 30 सितंबर 2025।
राजधानी रायपुर के व्यस्त रिंग रोड क्रमांक-2 पर ट्रैफिक जाम की समस्या अब बीते दिनों की बात होगी। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज हीरापुर चौक (गणपत चौक) में 117 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले तीन वृहद ओव्हरपास का शिलान्यास किया। इन ओव्हरपास के बन जाने से न केवल हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि राजधानी का यातायात भी सुगम और सुरक्षित होगा।

“हम बनाएंगे, हम ही सवारेंगे”

शिलान्यास अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवरात्रि और विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा –
“मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ‘अटल निर्माण वर्ष’ मना रही है। संकल्प है कि हम राजधानी रायपुर को आधुनिक और विकसित स्वरूप देंगे। रिंग रोड पर बन रहे ये तीन ओव्हरपास शहरवासियों के लिए यातायात का नया अध्याय साबित होंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी सुधार से देश के आमजन को छोटे सामान से लेकर बड़ी वस्तुओं की खरीद पर समान लाभ मिल रहा है। यह उत्सव हर घर तक बचत और विकास का संदेश दे रहा है।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा –
“रायपुर तेजी से बदल रहा है। शिक्षा, सड़क और मूलभूत सुविधाओं में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। रिंग रोड पर ओव्हरपास बनने से शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन का समय बचेगा।”

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि गरीब और आम नागरिकों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। “इन ओव्हरपासों से लोग बिना किसी बाधा के सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। यह विकास की एक बड़ी सौगात है।”

महापौर मीनल चौबे और विधायक मोतीलाल साहू ने भी इसे राजधानी के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।

परियोजना की मुख्य विशेषताएं

लोक निर्माण विभाग द्वारा रिंग रोड क्रमांक-2 पर तीन ओव्हरपास का निर्माण किया जाएगा:

  • जरवाय मार्ग (बंगाली होटल के पास) – लागत 23.89 करोड़ रुपए।
  • हीरापुर चौक (गणपत चौक) – लागत 49.40 करोड़ रुपए।
  • सरोरा चौक (रिलायंस पेट्रोल पंप के पास) – लागत 43.76 करोड़ रुपए।

इन तीनों ओव्हरपास से टाटीबंध और भनपुरी के बीच के मार्ग पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा। हीरापुर, अटारी, जरवाय, तेंदुआ, गुमा, कोटा और मोहबा बाजार जैसे क्षेत्रों के करीब दो लाख से अधिक नागरिकों को सुगम, सुव्यवस्थित और बाधारहित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोगों की उम्मीदें

स्थानीय व्यापारी और वाहन चालकों ने इस पहल पर खुशी जताई। एक राहगीर ने कहा –
“रिंग रोड पर घंटों जाम में फंसना हमारी रोज की समस्या थी। अब ओव्हरपास बनने से सफर आसान होगा और समय की भी बचत होगी। यह राजधानी के लिए बहुत बड़ी राहत है।”

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading