रायपुर, 5 अक्टूबर 2025:
CM Vishnu Deo Sai Education Matsya Palan: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है”। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल नौकरी का साधन नहीं, बल्कि यह एक सफल और आत्मनिर्भर जीवन का आधार है। रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय मछुवारा जागरूकता सम्मेलन में मुख्यमंत्री साय ने राज्य के विकास में शिक्षा और मत्स्य पालन (Matsya Palan) दोनों की अहम भूमिका पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। राज्य गठन के समय केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन आज राज्य में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं। इसके साथ ही IIT, IIM, AIIMS, लॉ यूनिवर्सिटी और CIPET जैसे राष्ट्रीय संस्थान अब छत्तीसगढ़ में उपलब्ध हैं।

साय ने कहा कि प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने समाज से नशा मुक्ति का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि एक संगठित और शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मत्स्य संपदा योजना मछुआ समाज के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। राज्य सरकार ने गंगरेल बांध की ठेका प्रथा समाप्त कर किसानों को मत्स्य पालन की अनुमति दी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मछुआ समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसी दिशा में हसदेव बांगो जलाशय में प्रदेश का पहला एक्वा पार्क ₹37 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है, जो मत्स्य उत्पादन, प्रोसेसिंग, निर्यात और पर्यटन को एक साथ जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।

साय ने बताया कि वर्तमान में यहाँ 800 केजों में मत्स्य पालन हो रहा है, जिससे सैकड़ों पंचायतों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि “मछुआ भाइयों की आय बढ़ाना और ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।”

केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद ने निषाद समाज के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में निषाद राज मंदिर बनाकर समाज को सम्मान दिलाया है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि निषाद समाज मेहनतकश और अनुकरणीय है, जिसकी मेहनत से समाज प्रगति कर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा सहित प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading