रायपुर, 21 अक्टूबर 2025।
दीपावली के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील स्थित ग्राम भुईयांपानी पहुँचे। उन्होंने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर अपने आराध्य संत गुरुदेव स्वामी धनपति पंडा जी एवं श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री साय ने दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह दीपोत्सव हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, शांति और प्रेम का प्रकाश फैलाए।” उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। मुख्यमंत्री ने शिव मंदिर में जाकर जलाभिषेक किया और हनुमान मंदिर एवं वटवृक्ष की पूजा भी की।

साय ने भावुक होकर कहा, “यह संतों और प्रदेश की जनता का ही आशीर्वाद है कि एक किसान का बेटा मुख्यमंत्री बना है।” उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के 22 महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को दो वर्षों का बोनस, धान खरीदी सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़, और धान मूल्य ₹3,100 प्रति क्विंटल किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 18 लाख आवास स्वीकृत, ई-गवर्नेंस प्रणाली की शुरुआत और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही भूमिहीन मजदूर सहायता योजना, तेंदूपत्ता खरीदी ₹5,500 प्रति बोरा, रामलला दर्शन योजना, और मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना जैसी कई जनहितकारी योजनाएँ भी चल रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरुधाम के लिए ₹1 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण, महतारी सदन के लिए ₹29 लाख, हाईमास्ट लाइट स्थापना, तालाब सौंदर्यीकरण और बोर खनन जैसी घोषणाएँ कीं।

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “गुरु ही वह प्रकाश हैं जो अंधकार से हमें ज्ञान और सत्य के मार्ग पर ले जाते हैं।” उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को अर्थपूर्ण बनाता है और सच्चे आनंद का स्रोत है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, संत समाज अध्यक्ष सहदेव पंडा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, सत्यानंद राठिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading