रायपुर, 01 नवंबर 2025/
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आज अखिल भारतीय रामनामी महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री साय को आगामी रामनामी मेला एवं संत समागम, जो 29 दिसंबर को सक्ती जिले के ग्राम नंदेली में आयोजित होने जा रहा है, में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महासभा के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और रामनामी परंपरा के प्रति सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि रामनामी समाज की आस्था, सादगी और भक्ति छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, एकता और अध्यात्म के मूल्यों को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय रामनामी महासभा की अध्यक्ष श्रीमती सेत बाई रामनामी, महासचिव श्री गुला राम रामनामी, तथा समुदाय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री को मेला और संत समागम की तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महासभा के पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को हमेशा प्रोत्साहित करती रही है और भविष्य में भी सहयोग प्रदान करती रहेगी।

रामनामी समाज, जो “राम नाम” को अपने जीवन का मूल मंत्र मानता है, छत्तीसगढ़ की परंपरागत आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है।
हर वर्ष आयोजित होने वाला रामनामी मेला न केवल एक धार्मिक उत्सव होता है, बल्कि भक्ति, सामाजिक एकता और समानता का उत्सव भी बन चुका है।

Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading