रायपुर, 8 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री और सुरमयी पार्श्व गायिका सुलक्षणा पंडित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुलक्षणा जी का जाना भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुलक्षणा जी की कलात्मक यात्रा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक मिट्टी से जुड़ी रही। उनका जन्म रायगढ़ के रामगुड़ी पारा स्थित आशर्फी देवी महिला अस्पताल में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पैलेस रोड स्थित शासकीय कन्या विद्यालय से प्राप्त की थी।

उन्होंने बताया कि सुलक्षणा जी के पिता श्री प्रताप नारायण पंडित रायगढ़ नरेश राजा चक्रधर सिंह के दरबार में प्रतिष्ठित तबला वादक थे। संगीत उनके परिवार की परंपरा थी, और सुलक्षणा जी ने उस परंपरा को अपनी मधुर आवाज़ के माध्यम से देश और दुनिया तक पहुँचाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “सुलक्षणा पंडित जी की आवाज़ में छत्तीसगढ़ की मिट्टी की सुगंध, सादगी और भावनाओं की गहराई झलकती थी। उन्होंने भारतीय सिनेमा को न केवल संगीत से समृद्ध किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई।”

उन्होंने आगे कहा कि सुलक्षणा जी का जीवन संगीत, समर्पण और गरिमा का प्रतीक था। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें।


Leave a Reply

Trending

Discover more from Aaj Ki Janta

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading